November 2, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल मौत से पहले का वीडियो आया सामने, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम


जबलपुर। जिले में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को कटंगी–पाटन मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने युवती के गांव कैमोरी में सड़क के बीच टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया और ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को करीब 15 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सड़क पर उतर आए और मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।


मौत से पहले का वीडियो आया सामने

इस बीच नवविवाहिता का मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में युवती तड़पती हुई नजर आ रही है, जबकि ससुराल पक्ष के लोग उसका वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाद में उसे पानी भी पिलाया गया। यह वीडियो मायके पक्ष को भेजा गया था।

6 फरवरी को हुई थी शादी

परिजनों के मुताबिक कैमोरी निवासी पूजा साहू की शादी 6 फरवरी को जबलपुर के लार्डगंज क्षेत्र निवासी निखिल साहू से हुई थी। शादी के बाद 20 फरवरी को पूजा अपने पति, सास, ससुर और ननद के साथ उज्जैन गई थी।

परिजनों का कहना है कि 21 फरवरी को उज्जैन में पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि पूजा की तबीयत खराब होने की बात कहकर ससुराल पक्ष वीडियो भेजता रहा और पैसों की मांग करता रहा, लेकिन उसे किसी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया।

10 लाख रुपए दहेज की मांग का आरोप

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के समय ससुराल पक्ष ने 10 लाख रुपए दहेज की मांग की थी। इसमें से मायके पक्ष ने करीब 4 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और गृहस्थी का सामान दिया था, लेकिन बाकी 6 लाख रुपए के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

परिजनों का कहना है कि 20 फरवरी को पति निखिल साहू, ससुर नरेश साहू, सास ज्योति साहू और ननद नम्रता साहू पूजा को उज्जैन ले गए थे। 21 फरवरी की सुबह भेजे गए वीडियो में पूजा की हालत बेहद खराब दिखाई दे रही थी और आरोप है कि उसे कोई जहरीला पदार्थ पिलाया गया।


दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष ने योजना बनाकर पूजा को उज्जैन में जहरीला पदार्थ देकर मार दिया। साथ ही फर्जी डॉक्टर का पर्चा बनाकर मायके पक्ष को भ्रमित किया गया।

घटना के 25 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हैं। प्रदर्शनकारियों ने पति सहित ससुराल पक्ष के सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश सरकार एमएसएमई को सुविधा प्रदान करने के लिए नई कंपनी गठित करेगी: मोहन यादव

Newsdesk

दिल्ली में बीएस-6 से नीचे के वाहनों की एंट्री पर रोक, बॉर्डर पर बढ़ी सख्ती, कई वाहन लौटाए गए

Newsdesk

‘आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भूमिका निभा रहा मध्य प्रदेश’, राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

Newsdesk

Leave a Comment