राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत 16 एवं 17 मार्च को भोपाल स्थित पंडित सुंदर लाल शर्मा व्यवसायिक शिक्षा संस्थान के निनाद सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय एनएसएस सम्मेलन-2026 में बालाघाट जिले के चयनित अधिकारी शामिल हुए।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित इस सम्मेलन में मध्यप्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से जुड़े राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारी, प्राचार्य और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। बालाघाट जिले से जिला संगठक एवं शासकीय महाविद्यालय लामता की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डुलेस्वरी टेम्भरे के नेतृत्व में शासकीय वीरांगना रानी दुर्गावती महाविद्यालय तिरोड़ी के प्राचार्य पवन सोनी, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुलदीप लखेरा एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी नवजीत सिंह परिहार सम्मिलित हुए।
सम्मेलन में प्रदेशभर से लगभग 250 प्रतिनिधि कार्यक्रम अधिकारी, जिला संगठक, प्राचार्य एवं समन्वयक उपस्थित रहे। इस वर्ष सम्मेलन का विषय “संवाद से समाधान और विकसित भारत के निर्माण में राष्ट्रीय सेवा योजना का योगदान” रखा गया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस उद्घाटन सत्र में अनुपम राजन (अपर प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा विभाग) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समापन सत्र में इंदर सिंह परमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अशोक कुमार श्रोती, युवा अधिकारी डॉ. राजकुमार वर्मा, राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. मनोज अग्निहोत्री तथा डॉ. भरत व्यास सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक विद्यार्थी उपस्थित रहे।


