शहडोल 26 मार्च 2026- जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को जन आन्दोलन बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुरू किए गए जल गंगा संवर्धन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों का कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वित करने के उद्देश्य से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति की अध्यक्षता में जिला पंचायत में बैठक सम्पन्न हुई।
सीईओ जिला पंचायत ने निर्देश दिए कि गांव-गांव में जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने जन अभियान परिषद को निर्देश दिए कि दीवार लेखन, रैली, संगोष्ठी आदि का आयोजन कर श्रमदान के माध्यम से जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण एवं पुराने जल स्त्रोंतों का जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दिया जाए। वन विभाग के अधिकारियेां को निर्देश दिए कि वे विभाग एवं वन समितियों के माध्यम से बोल्डर चेकडेम, कन्टूरट्रेंच , परकुलेशन टैंक तथा नए तालाबों का निर्माण एवं पुरानी जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार कार्य प्राथमिकता से करें। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियेां को आंगनवाड़ी केन्द्रों में रूफ हार्वेस्टिंग संरचना बनाने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग डीपीसी तथा जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को अभियान चलाकर पानी की टंकियों की सफाई करने, स्कूलों में पेयजल की व्यवस्था करने तथा रूफ हार्वेस्टिंग संरचना बनाने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यात्रिकी विभाग को हैण्डपंपों के आस-पास साफ-सफाई एवं सोख पिट बनाने स्कूल, छात्रावास तथा अस्पतालों में पेयजल की टेस्टिंग करने तथा जल समितियों का गठन कर पंप ऑपरेटरों, जल समितियों के सदस्यों एवं जन अभियान परिषद की समितियों को पानी टेस्टिंग एवं नल जल संधारण के प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग को लघु सिंचाई योजनाओं, नहरों की मरम्मत, स्टॉप डैम, बैराज आदि के गेट की मरम्मत के साथ ही जल संरचनाओं के आस पास के अतिक्रमण हटाने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग को माईक्रों एरिगेशन क्षेत्र के विस्तार एवं जल चौपाल तथा कार्यशालाओं का आयोजन कर जन जागरूकता लाने के निर्देश दिए। इसी तरह किसान कल्याण विभाग को नए बलराम तालाबों का निर्माण तथा पुराने बलराम तालाबों की डिसिल्टिंग कर पुनः उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


