राम नवमी के उपलक्ष्य में नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों का सराहनीय प्रयास
====
शहडोल 27 मार्च 2026- मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद्, विकासखण्ड सोहागपुर के सेक्टर क्रमांक 3 सिंहपुर में जल शक्ति से नव भक्ति अभियान के अंतर्गत एक सराहनीय पहल करते हुए नवांकुर संस्था आशा युवा महिला मंडल द्वारा मंदिर प्रांगण में जल मंदिर (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन राम नवमी के पावन अवसर पर नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य गर्मी के मौसम में आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना तथा जल सेवा के माध्यम से जनसेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा। इस पहल से न केवल राहगीरों को राहत मिलेगी, बल्कि समाज में जल संरक्षण और सेवा भाव का संदेश भी प्रसारित होगा।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री विवेक पांडेय, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री मनीष, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती प्रिया सिंह, श्री सनथ त्रिपाठी, श्री लवकुश त्रिपाठी, श्री शिवम् तिवारी सहित प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिसमें जल के महत्व को समझते हुए उसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संकल्प लिया गया।


