दीपावली से पहले बकाया राशि एकमुश्त जारी करने की मांग, तकनीकी कर्मचारी संघ ने प्रबंधन को भेजा पत्र
जबलपुर। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ ने बिजली कंपनी के मैदानी कर्मचारियों को लंबित अतिरिक्त पारिश्रमिक (एक्स्ट्रा वेजेस) और रात्रि ड्यूटी भत्ते का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई है। संघ का कहना है कि नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों से सार्वजनिक एवं साप्ताहिक अवकाश के दिनों में भी लगातार काम लिया गया, लेकिन नियमानुसार मिलने वाला अतिरिक्त भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुई समीक्षा बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में संघ पदाधिकारी केएन लोखंडे, एसके शाक्य, एसके मौर्य, शशि उपाध्याय, दशरथ शर्मा, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, विनोद दास, लखन सिंह राजपूत और संदीप दीपंकर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


