2.56 लाख रुपए का गांजा बरामद, क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को 5 किलो 131 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 2 लाख 56 हजार 500 रुपए बताई गई है। आरोपी डिंडौरी में बस छूटने का बहाना बनाकर अमरकंटक से लौट रहे एक कार चालक से लिफ्ट लेकर जबलपुर आ रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की सुबह थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रांझी की ओर से आ रही सियाज कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक बालकिशन नागवंशी (36), निवासी ग्राम बीजनवाड़ा, पिपरिया, जिला नर्मदापुरम था। पिछली सीट पर बैठे दो युवकों की संदिग्ध गतिविधियों के चलते पूछताछ की गई।
उनकी पहचान मनीष कुमार रजक (25), निवासी कुदवारी, गोहलपुर और आनंद श्रीवास (24), निवासी अमखेरा, गोहलपुर के रूप में हुई। तलाशी में मनीष के बैग से गांजे के दो और आनंद के बैग से तीन पैकेट मिले। पुलिस ने गांजे के साथ एक रियलमी मोबाइल भी जब्त किया।
500 रुपए में तय किया था किराया
कार चालक ने बताया कि वह अमरकंटक से पिपरिया लौट रहा था। डिंडौरी में दोनों युवकों ने बस छूटने की बात कहकर जबलपुर तक लिफ्ट मांगी और बदले में 500 रुपए देने की पेशकश की थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


