30 नवंबर तक आठ प्रमुख स्टेशनों पर लगाए जा रहे शिविर, पेंशनर्स का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा
जबलपुर। रेल पेंशनर्स को पेंशन संबंधी औपचारिकताओं में राहत देने के उद्देश्य से जबलपुर रेल मंडल द्वारा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को जबलपुर स्थित उमंग रेल सामुदायिक भवन में लगाए गए शिविर में 135 पेंशनर्स के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाए गए। इस दौरान केंद्रीय चिकित्सालय की टीम ने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी और सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) सचि पति नंदन के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल हुए। डिजिटल प्रमाणपत्र बनाने के लिए कल्याण निरीक्षकों, सेटलमेंट अनुभाग के कर्मचारियों और भारतीय स्टेट बैंक की टीम ने सहयोग दिया। केंद्रीय चिकित्सालय के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया।
इस अवसर पर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी नवीन लिटोरिया, केजी गोस्वामी और तेजिंदर सिंह उपस्थित रहे।
रेल मंडल द्वारा जबलपुर के अलावा पिपरिया, नरसिंहपुर, कटनी, दमोह, सागर, सतना और ब्यौहारी सहित सात अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी शिविर लगाए जा रहे हैं। इससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनर्स को अपने नजदीकी स्टेशन पर ही प्रमाणपत्र बनवाने की सुविधा मिल रही है।
रेलवे के अनुसार ये शिविर 1 से 30 नवंबर 2026 तक चलेंगे। इस पहल का उद्देश्य पेंशनर्स को अनावश्यक भागदौड़ से बचाना और निर्धारित प्रक्रिया को आसान बनाना है।


