April 15, 2026
सी टाइम्स
खेल

प्रियांश आर्य: दिल्ली प्रीमियर लीग से निकला ‘कोहिनूर’, जिसने आईपीएल में चमक बिखेरी



नई दिल्ली, 15 अप्रैल । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य अपना जलवा बिखेर रहे हैं। इस सीजन प्रियांश ने 34.33 की औसत के साथ 103 रन बनाए हैं।

आईपीएल 2026 में प्रियांश गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 7 ही रन बना सके थे। इसके बाद उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के विरुद्ध 11 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 39 रन की पारी खेली।

बारिश के चलते पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला बेनतीजा रहा, जिसमें प्रियांश को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल सका था। इसके बाद प्रियांश ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ महज 20 गेंदों में 57 रन बनाए। इस पारी में 5 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे।



18 सितंबर 2001 को शिक्षक परिवार में जन्मे प्रियांश आर्य को माता-पिता ने क्रिकेट खेलने के लिए सपोर्ट किया। आक्रामक बाएं हाथ के बल्लेबाज ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के जरिए अपनी पहचान बनाई। उन्होंने डीपीएल 2024 में साउथ दिल्ली की तरफ से खेलते हुए एक ही ओवर में 6 छक्के लगाने का कारनामा किया। इस मैच में आर्य ने सिर्फ 39 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।



इस मैच में प्रियांश आर्य ने नॉर्थ दिल्ली के खिलाफ 50 गेंदों में 10 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 120 रन की पारी खेली। इस दौरान कप्तान आयुष बडोनी के साथ 286 रन की साझेदारी भी की।



हालांकि, इससे पहले भारत के घेरलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023-24 में प्रियांश आर्य ने दिल्ली की तरफ से 7 पारियों में 31.71 की औसत से 222 रन बनाए थे। उन्हें आईपीएल 2024 की नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था, लेकिन उस सीजन अनसोल्ड रहे। हालांकि, आईपीएल 2025 की नीलामी में 30 लाख के बेस प्राइज वाले प्रियांश को 3.80 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स ने अपने साथ जोड़ा। इस नीलामी के दौरान प्रियांश को खरीदने में दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी दिलचस्पी दिखाई थी।



प्रियांश आर्य ने डीपीएल की शानदार फॉर्म आईपीएल में भी जारी रखी। आईपीएल 2025 में प्रियांश ने 17 मुकाबलों में 27.94 की औसत के साथ 475 रन बनाए। इस दौरान एक शतक और 2 अर्धशतक शामिल रहे। अगस्त 2025 में खेले गए डीपीएल में उन्होंने 8 मुकाबलों में 37.88 की औसत के साथ कुल 303 रन जुटाए।

प्रियांश ने फर्स्ट क्लास करियर में कुल 2 मैच खेले हैं, जिसकी 3 पारियों में 43.66 की औसत के साथ 131 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला है। वहीं, 16 लिस्ट-ए मुकाबलों में प्रियांश ने 34.80 की औसत से 522 रन जुटाए हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 1 शतक और 4 अर्धशतक हैं। प्रियांश ने टी20 करियर में अब तक कुल 49 मैच खेले हैं, जिसमें 29.62 की औसत से 1,422 रन जुटाए। इस बीच उनके बल्ले से 2 शतक और 7 अर्धशतक आए।


अन्य ख़बरें

17-19 अप्रैल के बीच पुणे में शूटिंग लीग, जानिए किस टीम में कौन-कौन शूटर?

Newsdesk

आईपीएल 2026: एलएसजी के लिए मुसीबत बना 21 करोड़ का खिलाड़ी, 4 मैचों में सिर्फ 41 रन बनाए

Newsdesk

आईपीएल 2026: नूर अहमद का चला जादू, सीएसके ने केकेआर को 32 रनों से हराया

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading