दो छात्रों ने मेरिट सूची में बनाई जगह
बालाघाट जिले के बैहर स्थित शासकीय मॉडल स्कूल ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय ने कक्षा 10वीं में शत-प्रतिशत (100 प्रतिशत ) परिणाम हासिल कर क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया है, वहीं 12वीं कक्षा में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
सबसे खास बात यह रही कि कक्षा 10वीं की प्रदेश स्तरीय प्राविण्य सूची में विद्यालय के दो विद्यार्थियों निश्चय राणा (पिता: दिनेश राणा) एवं डेजी बिसेन (पिता: लिकेश बिसेन) ने छठवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। विद्यालय में 10वीं कक्षा के कुल 95 विद्यार्थियों में से 94 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में तथा 1 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुआ। इनमें 40 विद्यार्थियों ने A+ ग्रेड और 38 विद्यार्थियों ने A ग्रेड प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि विद्यालय लगातार दूसरे वर्ष भी 10वीं में 100 प्रतिशत परिणाम देने में सफल रहा है।
कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 93% रहा। कुल 84 विद्यार्थियों में से 22 विद्यार्थियों ने A+ ग्रेड तथा 31 विद्यार्थियों ने A ग्रेड हासिल किया। विद्यालय स्तर पर कक्षा 12वीं में श्रेयांशी शर्मा (वाणिज्य संकाय) ने 93.6% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सारा पन्द्रे (कला संकाय) ने 91% के साथ द्वितीय स्थान और भौतिक भैरम (वाणिज्य संकाय) ने 90% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री सुनील कुमार खोब्रागड़े ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिन पूरे विद्यालय परिवार के लिए उत्सव के समान है। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विनी उपाध्याय ने विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य ने आगे कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी भी परिस्थिति में ऊंचाइयों को छू सकती है। विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यह उपलब्धि न केवल बैहर बल्कि पूरे बालाघाट जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।


