जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के गंगानगर स्थित चंदन कॉलोनी (कबूतर खाना) में एक कार अनियंत्रित होकर नाली में जा गिरी। हादसे में कार का आधा हिस्सा नाली में फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय कार में सवार नाबालिग युवक वाहन चला रहे थे, जिससे वाहन नियंत्रण खो बैठा और सीधे नाली में जा गिरा। हालांकि, इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार को नाली से बाहर निकालने का प्रयास किया। स्थानीय नागरिकों की मदद से स्थिति को संभालने की कोशिश की गई।
हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना के बावजूद मौके पर देर तक पुलिस नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
फिलहाल, मामले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


