30.8 C
Jabalpur
April 24, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

वार्ड क्रं.6 एवं 29 तथा हनुमान चौक जलभराव की समस्या में राहत


नपा, राजस्व और रेलवे का संयुक्त निरीक्षण, पक्के अतिक्रमण को हटाकर किया नाला गहरीकरण
बालाघाट। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिये नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा ठोस कदम उठाये जा रहे है जिसमें डायवर्ट नाले-नालियों का निर्माण प्रारंभ है जिससे कि हनुमान चौक में जलभराव की समस्या का निदान हो सके। इसके साथ ही शहर के वार्ड क्रं.6 महावीर कॉलोनी, सेलिब्रेशन कॉलोनी और वार्ड क्रं.29 में जलभराव की दिक्कतों पर भी गंभीरतापूर्वक कार्ययोजना है इसी को लेकर नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर के द्वारा एसडीएम, राजस्व अधिकारियों और रेलवे के इंजीनियर्स के साथ निरीक्षण किया गया था। राजस्व विभाग द्वारा किये गये सीमांकन में 3 स्थानों पर पक्का अतिक्रमण पाया गया जिसे नोटिस देकर 21 अप्रैल को हटाया गया है।
पक्के अतिक्रमण को हटाया, पोकलेन से किया गहरीकरण
शहर के वार्ड क्रं.6 और 29 के निवासियों की जलभराव को लेकर शिकायतें लगातार आ रही थी जिसे नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर द्वारा गंभीरता से लिया गया। नगरपालिका, राजस्व एवं रेलवे की टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण किये जाने की जरूरत थी जिसमें नपाध्यक्ष द्वारा 18 से 21 अप्रैल तक लगातार इस समस्या को लेकर निगरानी बरती गई। वार्डवासियों ने बताया कि जल निकासी की समस्या है जिससे वर्षभर जलजमाव बना रहता है। इस समस्या को तकनीकी रूप से दूर करने के  प्रयास हुये, राजस्व विभाग के द्वारा सीमांकन किया गया तो पाया कि 3 मकानों के पक्के अतिक्रमण की वजह से जलनिकासी में बाधा है। जिसपर संबंधितों को नोटिस जारी किये गये और एसडीएम गोपाल सोनी द्वारा अतिक्रमणकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया और फिर वे अतिक्रमण हटाने पर राजी हुये। 21 अप्रैल को उक्त अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की गई इसके उपरांत नपा द्वारा पोकलेन मशीन लगाकर गहरीकरण किया गया जिससे जल निकासी का रास्ता साफ हो गया है और वार्डवासियों ने इस प्रयास पर नपाध्यक्ष सहित सभी विभागों को धन्यवाद दिया।
रेलवे बनाएगा नाला जलभराव से निपटने होगी मदद
नपाध्यक्ष ने बताया कि राजस्व एवं रेलवे की टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य यही था कि जलभराव की समस्या जड़ से समाप्त होनी चाहिये इसके लिये विस्तृत कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है, अम्बेडकर चौक से हनुमान चौक के बीच जलभराव से निपटने के लिये डायवर्टेड नाले-नालियों का निर्माण हो रहा है जबकि रेलवे स्टेशन की दिशा में भी एक नाला तैयार किया जायेगा जो हनुमान चौक में होने वाले जलभराव को काफी हद तक कम कर देगा। इसमें रेलवे का सहयोग आवश्यक था और अधिकारियों ने भी नपा को भरपूर सहयोग करते हुए निरीक्षण के दौरान वस्तुस्थिति तथा वार्डवासियों की समस्या को जानकर नाला निर्माण किये जाने पर सहमति जताई है। नपाध्यक्ष ने बताया कि आगामी समय में हनुमान चौक के जलभराव को दूर करने तथा वार्ड क्रं.6 एवं 29 के निवासियों को इस समस्या से मुक्ति मिलेगी। 
इनकी रही उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर के साथ ही बालाघाट एसडीएम गोपाल सोनी, मुख्य रेलवे स्टेशन प्रबंधक के.एम. चौधरी, रेलवे के कनिष्ठ अभियंता श्री सुमित, सीएमओ सूर्यप्रकाश उईके, नपा स्वास्थ्य सभापति संगीता खगेश कावरे, राजस्व सभापति वकील वाधवा, पार्षद वार्ड क्रं.6 रैना सुराना, पार्षद वार्ड क्रं.29 संगीता थापा एवं राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा संतोष जैन के अलावा अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

बच्चियों का पीछा कर परेशान करने वाले बदमाश को लोगों ने पड़कर पुलिस के हवाले किया

Newsdesk

बरगी नहर में 3 बच्चियां बहीं, सालीवाड़ा की घटना

Newsdesk

बच्चों को राहत : नर्सरी से 5वीं तक के स्कूल 30 अप्रैल तक बंद

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading