जबलपुर। चलती ट्रेनों में यात्रियों से जबरन वसूली और अभद्र व्यवहार की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आरपीएफ ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में Jabalpur रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए कटनी के 5 अनाधिकृत किन्नरों को पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार ये सभी किन्नर ट्रेनों के स्लीपर, चेयरकार और एसी कोचों में घुसकर यात्रियों से जबरिया पैसे वसूलते थे। पैसे न देने पर यात्रियों के साथ बदतमीजी और गाली-गलौज की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं, जिससे यात्री असहज और परेशान हो रहे थे।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि ट्रेन नंबर 11448 में यात्रियों से पैसे मांगते हुए पाए जाने पर पांचों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सभी को स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां प्रत्येक पर 1500-1500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
आरपीएफ ने इसके साथ ही विशेष अभियान चलाकर ट्रेनों के विकलांग कोच में यात्रा कर रहे 5 सामान्य यात्रियों पर भी कार्रवाई की।
पकड़े गए सभी किन्नर Katni के निवासी बताए गए हैं, जो कटनी से जबलपुर के बीच चलने वाली ट्रेनों में सवार होकर यह गतिविधियां करते थे।
आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


