*
खैरापलारी – विद्युत उपभोक्ताओं को राहत और जागरूकता प्रदान करने के उद्देश्य से खैरा पलारी वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पाथर पौड़ी में समाधान योजना एवं पीएम सूर्य घर योजना के तहत एक दिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपभोक्ताओं की उपस्थिति रही, जहां अधिकारियों द्वारा समाधान योजना के अंतर्गत मिलने वाली छूट, बकाया राशि में राहत तथा पात्रता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी सरल और स्पष्ट तरीके से दी गई। साथ ही, उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया गया।
इसके अलावा पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए योजना के लाभ, पात्रता, सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के माध्यम से उपभोक्ता अपने घरों में सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल में भारी बचत कर सकते हैं।
शिविर में यह भी जानकारी दी गई कि समाधान योजना के द्वितीय चरण की समय सीमा को बढ़ाकर अब 15 मई 2026 तक कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ उठा सकें।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी बताया और भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की अपेक्षा जताई।


