जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांझी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पेट्रोलिंग के दौरान एक शातिर बदमाश को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों और नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता और नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना रांझी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार 17 अप्रैल की रात पेट्रोलिंग के दौरान मड़ई ऑटो स्टैंड के पास एक युवक संदिग्ध हालत में नजर आया। पुलिस को देखते ही वह पान के टपरे के पीछे छिपने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमन केवट (22 वर्ष), निवासी रक्षा नगर कॉलोनी, बड़ा पत्थर रांझी बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी के लोवर से एक देशी कट्टा और जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि यह हथियार उसने रूपेन्द्र साहू से 5 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार और कारतूस जब्त कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक चंद्रभान सिंह सहित आरक्षक हरिशंकर, मनीष और अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सराहना की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


