41.5 C
Jabalpur
April 26, 2026
सी टाइम्स
खेल

स्क्वैश: सूरज चंद ने जीता चेन्नई में पीएसए चैलेंजर टूर का खिताब



चेन्नई, 20 अप्रैल  पीएसए चैलेंजर टूर इवेंट में भारत के सूरज कुमार चंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों का खिताब अपने नाम किया। सोमवार को सूरज ने इंडियन स्क्वैश एकेडमी में हुए मुकाबले में साउथ कोरिया के जियोंगमिन रयू को सीधे गेम में हराया।

दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने फाइनल में अपने आठवीं वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वी को 11-5, 11-9, 11-3 से मात देकर चौथा पीएसए टूर खिताब जीता। इस जीत के साथ ही उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपने दबदबे भरे प्रदर्शन का शानदार अंत किया। यह जीत पीएसए टूर के फाइनल में उनकी पांचवीं उपस्थिति भी थी, जो पेशेवर सर्किट पर उनकी बढ़ती निरंतरता को दर्शाती है।

महिलाओं के वर्ग में, मिस्र की रूकाया ओथमान ने मलेशिया की हार्लीन टैन को एक कड़े मुकाबले वाले फाइनल में हराकर जीत हासिल की। सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पर 12-10, 11-7, 9-11, 11-7 से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया।

एसआरएफआई के महासचिव साइरस पोंचा ने इस इवेंट की सफलता पर बात करते हुए कहा, “हम अपने प्रायोजकों और भागीदारों, विशेष रूप से एमवाईएएस और साई को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देना चाहेंगे। किसी भारतीय खिलाड़ी का विजेता बनना इस आयोजन को और भी खास बनाता है।”

पुरुषों की प्रतियोगिता में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी सूरज ही थे, जिन्होंने शुरुआती दौर से ही अपना दबदबा बनाए रखा। क्वार्टरफाइनल में, उन्होंने अपने हमवतन ओम सेमवाल को सीधे गेम में हराकर आसानी से अगले दौर में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में भी उन्होंने अपनी शानदार लय जारी रखी और हांगकांग के वाइलोक टो को 11-8, 11-7, 11-6 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

सेमवाल ने इससे पहले भी अपने ठोस प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। दूसरे दौर में मिस्र के ताहा अलशाफेई पर मिली शानदार जीत उनके प्रदर्शन का एक मुख्य आकर्षण थे, हालांकि क्वार्टरफाइनल (अंतिम 8) में पहुंचकर उनका सफर समाप्त हो गया।

एक अन्य भारतीय प्रतिभागी, आर्यवीर दीवान ने दो गेमों से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए श्रीलंका के शमिल वकील को 71 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में हराया। हालांकि, दूसरे राउंड में सूरज से 11-6, 11-7, 11-8 से हारने के बाद उनका सफर यहीं रुक गया।

अभी दुनिया भर में 134वें नंबर पर मौजूद सूरज की इस जीत से उनकी इंटरनेशनल रैंकिंग में काफी सुधार होने की उम्मीद है। यह ग्लोबल लेवल पर भारतीय स्क्वैश के बढ़ते दबदबे को भी दिखाता है।

अन्य ख़बरें

आईपीएल 2026: आरआर-एसआरएच मैच के बाद अंकतालिका में कौन सी टीम किस स्थान पर, किसके सिर पर है ऑरेंज और पर्पल कैप?

Newsdesk

‘कैच छोड़ना हमें भारी पड़ा’, एसआरएच के खिलाफ हार के बाद बोले कप्तान रियान पराग

Newsdesk

आईपीएल 2026: सिर्फ 36 गेंदों में शतक, वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हुए एक और रिकॉर्ड

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading