*
_व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर सुधार के सख्त निर्देश, अधीक्षिका को नोटिस_
सिवनी – कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने सोमवार को आदिवासी बालिका छात्रावास भैरोगंज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में कई व्यवस्थागत कमियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए त्वरित सुधार के निर्देश दिए तथा संबंधित अधीक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में पाया गया कि छात्राओं को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस पर कलेक्टर श्रीमती मीना ने भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही खराब पड़े वाटर कूलर एवं बंद पड़े कंप्यूटर सिस्टम को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्रावास की लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए पाया कि अध्ययन के लिए पर्याप्त टेबल एवं डेस्क उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने अतिरिक्त फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। छात्राओं के लिए यूपीएससी, एमपीपीएससी एवं एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु पुस्तके उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने निर्देशित किया कि छात्रावास में प्रतिदिन एक हिंदी एवं एक अंग्रेजी समाचार पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए, ताकि छात्राओं का सामान्य ज्ञान बढ़ सके। साथ ही छात्रावास की आंतरिक व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन के लिए छात्राओं की “मैनेजमेंट कमेटी” गठित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्राओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए नियमित मेडिकल कैंप आयोजित करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता पर काउंसलिंग सत्र आयोजित कराने के निर्देश भी दिए।
छात्राओं से आत्मीय संवाद, सपनों को दी नई दिशा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बालिकाओं से पूछा कि वे पढ़-लिखकर क्या बनना चाहती हैं, जिस पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने लक्ष्य साझा किए। कलेक्टर श्रीमती मीना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर छात्राएं बिना संकोच अधीक्षिका या वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त श्री लालजी मीणा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


