April 28, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

बारासात में अमित शाह का दावा, पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही भाजपा



बारासात, 26 अप्रैल । पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बारासात में एक चुनावी रैली की, जहां उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए राज्य में भाजपा सरकार बनने का भरोसा जताया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “पश्चिम बंगाल के हर क्षेत्र में ममता सरकार पूरी तरह विफल रही। लोगों के अंदर ममता सरकार के खिलाफ भयंकर गुस्सा है। जनता को आशा है कि सारी अर्थव्यवस्थाएं और समस्याएं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही ठीक कर सकती है।”

पहले चरण में अमित शाह ने 152 सीटों में से भाजपा के 110 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया था। उन्होंने दूसरे चरण पर कहा, “अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं।”

उन्होंने रैली में उमड़ी भारी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह भीड़ देखकर साफ पता चलता है कि यह ममता का गढ़ है या नहीं।

दूसरे चरण में हिंसा की आशंका पर अमित शाह ने कहा, “मैं नहीं मानता कि गुंडे दीदी पर भरोसा करके रिस्क लेंगे। दीदी जा रही हैं और जाने वाले समय में कोई साथ नहीं देता है। भाजपा की सरकार बनने के बाद गुंडों से पुलिस निपटेगी।”

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर रिकॉर्ड 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। आजादी के बाद यह किसी चरण में सबसे ऊंचा मतदान प्रतिशत है। भाजपा इसे राज्य में बड़े बदलाव का संकेत बता रही है, जबकि टीएमसी एक बार फिर मजबूती से सत्ता में वापसी का दावा कर रही है।

अमित शाह की बारासात रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। उन्होंने अपनी रैली में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, अपराध और विकास की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल में विकास की नई लहर आएगी, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

बता दें कि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

अन्य ख़बरें

मर्जी से साथ रहे, बच्चा पैदा किया… फिर ब्रेकअप पर रेप कैसे?’ लिव-इन रिलेशनशिप पर SC का तीखा सवाल

Newsdesk

देश में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही, नफरत की राजनीति खतरनाक: आप विधायक मेहराज मलिक

Newsdesk

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने तिरुमला मंदिर में किए दर्शन, देशवासियों के कल्याण की कामना की

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading