सिवनी/कुरई:- जिले के दक्षिण सामान्य वनमंडल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चारगांव में एक 7 वर्षीय बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में बाघ के शिकार के लिए विद्युत करंट का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हुई है।
वन विभाग को 26 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि किसान शब्दर खान के खेत में स्थित कुएं में बाघ का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि बाघ को करंट लगाकर मारने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया।
घटना के बाद National Tiger Conservation Authority (NTCA) के प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की गई। श्वान दल की मदद से आसपास के क्षेत्र का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा बाघ के शव को सुरक्षित निकालकर संरक्षित रखा गया।
अगले दिन 27 अप्रैल को NTCA के दिशा-निर्देशों के अनुसार पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें विद्युत करंट से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद नियमानुसार अंतिम प्रक्रिया पूरी की गई।
वन संरक्षक सिवनी, उप वनमंडलाधिकारी और वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में मामले की गंभीरता से जांच जारी है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल सूचित करें। उपयोगी जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है, साथ ही सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


