पुष्पराजगढ़ । प्रणाम नर्मदा युवा संघ द्वारा माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर राजेंद्रग्राम में अध्यनरत छात्राओं के लिए एकदिवसीय सिकल सेल एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया | विदित हो कि सिकल सेल एनीमिया एक अनुवांशिक बीमारी है जो एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में वंशानुगत रूप से स्थानांतरित होती है, यह एक प्रकार का रक्त विकार है जिसमें लाल रक्त कोशिकाओं का आकार गोल- चपटाकर न होकर अर्द्ध चंद्राकार या हंसिया के आकार का हो जाता है इसीलिए इसे सिकल अर्थात हंसिया रोग कहते हैं । भारत सरकार द्वारा वर्ष 2023 से सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसमें वृहद स्तर पर जांच और उपचार हेतु कार्य किया जा रहा है किंतु जागरूकता का अभाव इस बीमारी के नियंत्रण में एक बड़ी बाधा है ।
प्रणाम नर्मदा युवा संघ द्वारा विद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं एवं समुदाय में जागरूकता लाने के उद्देश्य यह कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय के शोधार्थी एवं प्रनयुस के सिकल सेल जागरूकता इकाई के प्रमुख नीरज सिंह राठौर द्वारा सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें सिकल सेल क्या है, यह क्यों होता है सिकल सेल के लक्षण, सावधानी इलाज तथा भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान किया गया। इस दौरान उपस्थित शिक्षक एवं छात्रों ने उत्सुकता भरे प्रश्न पूछे और सभी ने विवाह पूर्व सिकल कुंडली मिलान करने का संकल्प लिया ।
इस कार्यक्रम में कन्या शिक्षा परिसर के शिक्षक, छात्र तथा संस्था के कार्यकारी सदस्य माखन सिंह धुर्वे, सदस्य आयुष जैन उपस्थित रहे |


