जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर (गोकलपुर) में देर रात दबंगों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के सिर पर पत्थर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं।
पुलिस के अनुसार, आजाद नगर निवासी ओमप्रकाश सोमकुंवर (56 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार रात करीब 11:30 बजे कुछ युवक उनके घर के बाहर आकर विवाद करने लगे और दरवाजे पर लातें मारने लगे। दरवाजा खोलने पर सामने लड्डू, आकाश, टकला और छोटू अन्ना खड़े थे, जिन्होंने बिना किसी कारण परिवार को गालियां देना शुरू कर दिया।
जब ओमप्रकाश और उनकी पत्नी बबीता अहिरवार ने विरोध किया, तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पास पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर बबीता के सिर पर दे मारा। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं।
घटना के बाद परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिनके हस्तक्षेप के बाद आरोपी फरार हो गए। घायल महिला को पहले रांझी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
रांझी थाना पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296B, 109 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


