_बिना परमिट, बीमा और फिटनेस के दौड़ रही थी बस, 2.75 लाख का टैक्स बकाया_
सिवनी – जिले में अवैध एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सघन जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर चलाए गए अभियान में एक यात्री बस को गंभीर अनियमितताओं के चलते जब्त कर लिया गया।
परिवहन विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की। इसी दौरान यात्री बस क्रमांक MP50P0868 को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि बस बिना वैध परमिट, बिना बीमा एवं बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित की जा रही थी। इतना ही नहीं, वाहन पर पिछले दो वर्षों से कर जमा नहीं किया गया था, जिसके चलते लगभग 2 लाख 75 हजार रुपये का टैक्स बकाया पाया गया। बस का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC) भी अमान्य मिला।
गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल प्रभाव से बस को जब्त कर कार्यालय परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
अभियान के दौरान अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। वाहन क्रमांक MH40CQ1587 (JCB) पर वैध बीमा एवं PUC नहीं पाए जाने पर 10 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं वाहन क्रमांक MP22ZJ3845 पर नियम विरुद्ध संचालन के कारण 3 हजार रुपये तथा वाहन क्रमांक MP15G4379 पर फिटनेस नहीं होने के कारण 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने वाहन संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, टैक्स एवं PUC सहित सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।


