परसवाड़ा। नगर के बुधवार बैठकी बाजार में फैल रही अव्यवस्थाओं और अतिक्रमण को लेकर एसडीएम श्रीश प्याशी गुरुवार को सख्त नजर आए। उन्होंने पंचायत एवं राजस्व अमले के साथ नगर का पैदल निरीक्षण कर सड़क तक फैली दुकानों और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पावर हाउस के सामने 33 केवी बिजली लाइन के नीचे संचालित टीनशेड दुकानों पर नाराजगी जताई। उन्होंने पंचायत कर्मियों को निर्देश दिए कि दुकानदारों को अंतिम नोटिस देकर शीघ्र अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली लाइन के नीचे दुकानें संचालित होना खतरे से खाली नहीं है।
एसडीएम ने बुधवार बाजार में सड़क तक फैलने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए ताकि यातायात प्रभावित न हो। इस दौरान अस्पताल परिसर, जनपद पंचायत कार्यालय, पुराने अस्पताल परिसर, राम मंदिर प्रांगण तथा सीएम राइज स्कूल के आसपास फैले अतिक्रमण का भी निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बस स्टैंड की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी धन्नाराम उइके से चर्चा की। मीडिया से बातचीत में एसडीएम श्रीश प्याशी ने कहा कि परसवाड़ा सहित आसपास क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी और सबसे पहले बैठकी बाजार को व्यवस्थित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान गायत्री सुधीर कुमरे, उपसरपंच भजनलाल उइके, जनपद सदस्य रामेश्वर धानेश्वर, नरेंद्र पप्पू पटले, सचिव महेश मरकाम, श्रीश अवधिया, पटवारी अभय पटेल, पटवारी श्रीअचला, कोटवार दिलीप मेश्राम, पत्रकार हर्ष पाण्डेय, नरेंद्र पप्पू शरणागत सहित पंचायत एवं राजस्व विभाग का अमला उपस्थित रहा।


