अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी हर्षल पंचोली ने जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कोतमा तहसील के तीन शिक्षकों की आगामी एक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश सोमवार को दिए हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मकान का सही एवं पूर्ण रूप से सूचीकरण किया जाए तथा सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही न बरती जाए।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी हर्षल पंचोली ने सोमवार को तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी कोतमा (ग्रामीण), कोतमा के प्रतिवेदन पर जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 10 (चार) के तहत तीन शिक्षकों की आगामी एक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश दिए हैं।
जिसमे शासकीय प्राथमिक विद्यालय जरहाटोला की प्राथमिक शिक्षक रूकमणि प्रजापति, शासकीय प्राथमिक विद्यालय लेदरा के प्राथमिक शिक्षक भान सिंह परिहार एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय सरईटोला के प्राथमिक शिक्षक श्रीकांत मिश्रा शामिल हैं।


