37.5 C
Jabalpur
May 14, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीय

चीन यात्रा से पहले जिनपिंग की तारीफ कर ट्रंप ने जताया भरोसा, ताइवान को लेकर आगे नहीं बढ़ेगा तनाव

वॉशिंगटन, 11 मई  अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी जल्द होने वाली चीन यात्रा में ताइवान और ऊर्जा सुरक्षा सबसे बड़े मुद्दे होंगे। उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपने रिश्ते की तारीफ की और कहा कि ताइवान को लेकर तनाव आगे नहीं बढ़ेगा।

व्हाइट हाउस में एक मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार अब चीन के साथ ‘बहुत अच्छा काम’ कर रही है। उन्होंने पिछली अमेरिकी सरकारों पर आरोप लगाया कि उन्होंने चीन को अमेरिका का फायदा उठाने दिया।

ट्रंप ने कहा क‍ि हम बहुत कारोबार कर रहे हैं, लेकिन यह समझदारी वाला कारोबार है। पहले के राष्ट्रपति के समय हमसे कई वर्षों तक फायदा उठाया गया, अब हम चीन के साथ अच्छा काम कर रहे हैं।

बातचीत के दौरान ट्रंप ने कई बार शी जिनपिंग की तारीफ की। उन्होंने कहा क‍ि मेरे राष्ट्रपति शी के साथ अच्छे रिश्ते हैं। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं और उम्मीद है कि वो भी मेरा सम्मान करते हैं। ट्रंप ने कहा कि शी हमारी पिछली सरकार का सम्मान नहीं करते थे और उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की भी आलोचना की। ट्रंप ने कहा क‍ि वो (बाइडेन) ठीक से बात भी नहीं कर पाते थे।

ट्रंप ने चीन से जुड़ी बातों को पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजरने वाले तेल की सुरक्षा से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि चीन अपनी तेल जरूरत का बड़ा हिस्सा होर्मुज से आने वाले तेल पर निर्भर करता है, इसलिए वह भी क्षेत्र में स्थिरता चाहता है।

ट्रंप ने कहा क‍ि होर्मुज से चीन को अपने तेल का करीब 40 प्रत‍िशत मिलता है। वो भी चाहता है कि वहां सब ठीक रहे, वो तनाव नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि ऊर्जा और ईरान आने वाली शिखर वार्ता के मुख्य मुद्दे होंगे।

ताइवान के मुद्दे पर ट्रंप ने माना कि यह बातचीत में जरूर उठ सकता है। उन्होंने कहा क‍ि मुझे लगता है वह (शी जिनपिंग) ताइवान का मुद्दा मुझसे ज्यादा उठाएंगे। लेकिन मुझे लगता है सब ठीक रहेगा। ट्रंप ने कहा कि मजबूत अमेरिकी नेतृत्व से ताइवान पर संकट नहीं आएगा।

उन्होंने कहा क‍ि अगर आपके पास सही राष्ट्रपति हो, तो मुझे नहीं लगता ऐसा कुछ होगा। उन्होंने कहा कि ताइवान को जापान और क्षेत्र के कई देशों से समर्थन मिलता है।

ट्रंप ने कहा क‍ि जापान और उस इलाके के कई देशों से ताइवान को काफी समर्थन है। इसके अलावा ट्रंप ने शी जिनपिंग की नेतृत्व शैली की भी तारीफ की और उन्हें ‘बहुत अच्छे इंसान’ और ‘कमाल के व्यक्ति’ कहा। वो अपने देश से बहुत प्यार करते हैं, ये मैं बता सकता हूं। मैं उनसे मिलने का इंतजार कर रहा हूं।

ट्रंप ने ईरान को लेकर अपनी नीति का बचाव भी किया और कहा कि हाल की सैन्य कार्रवाई और दबाव से वैश्विक बाजारों में स्थिरता आई है। उन्होंने कहा क‍ि अब शेयर बाजार उस समय से भी ज्यादा ऊपर है जब यह संघर्ष शुरू हुआ था।

अन्य ख़बरें

भारत-रूस साझेदारी को नई दिशा, जयशंकर-लावरोव की वार्ता में कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

Newsdesk

बलूचिस्तान में मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप, एक नागरिक की मौत, दो लोग जबरन गायब

Newsdesk

तिब्बत में चीनी शिक्षा प्रणाली सांस्कृतिक आत्मसात्करण और पहचान के मिटने को लेकर चिंता

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading