40.5 C
Jabalpur
May 14, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीय

ब्रिटेन : स्टार्मर की मंत्री ने दिया इस्तीफा, पीएम से देश हित में की खास अपील



लंदन, 12 मई  ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की मंत्री मियाटा फैनबुले ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वो कैबिनेट की पहली मंत्री हैं जिन्होंने ये कदम उठाया। इतनी ही नहीं उन्होंने पीएम से भी अपना पद छोड़ने की अपील की है।

ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक मंत्री मियाटा फैनबुले (डिवॉल्यूशन, फेथ एंड कम्युनिटीज डिपार्टमेंट) ऐसी पहली मंत्री बन गई हैं जिन्होंने सीधे प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से इस्तीफा मांगा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मियाटा फैनबुले ने पीएम को लिखा अपना खत साझा किया। उन्होंने लिखा, “मैं यह पत्र आपको डिवॉल्यूशन, फेथ एंड कम्युनिटीज़ मंत्री के पद से अपना इस्तीफा देने के लिए लिख रही हूं।”

इसके साथ ही, उन्होंने अपने विभाग की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने लिखा कि मुझे इस सरकार में किए गए अपने कार्य पर गर्व है। पहले ऊर्जा उपभोक्ता मंत्री के रूप में, मैंने 60 लाख परिवारों के लिए ऊर्जा बिल में छूट सुनिश्चित की और हमारे “वॉर्म होम्स प्लान” को शुरू किया। अपने वर्तमान पद पर, मैंने “प्राइड इन प्लेस प्रोग्राम” लागू किया, इंग्लिश डिवॉल्यूशन एंड कम्युनिटी एम्पावरमेंट एक्ट के माध्यम से शक्ति के वितरण में बड़ा बदलाव लाया, और समुदायों में बढ़ती नफरत और विभाजन से निपटने के लिए महत्वपूर्ण काम किया।

फैनबुले ने लेबर पार्टी की गिरती साख को इस्तीफे की वजह बताई। लिखा, “हालांकि प्रगति हुई है, लेकिन हमने अपने जनादेश के अनुसार दृष्टि, गति और महत्वाकांक्षा के साथ काम नहीं किया है। न ही हमने लेबर पार्टी के रूप में अपने मूल्यों और विश्वासों के साथ स्पष्ट रूप से शासन किया है। सर्दियों के ईंधन भुगतान और दिव्यांग लोगों को दी जाने वाली सहायता में कटौती जैसे फैसलों ने मेरे क्षेत्र के कई लोगों को हमारी नीयत पर संदेह करने के लिए मजबूर किया है। और जनता का संदेश स्पष्ट था—आप, प्रधानमंत्री, ने जनता का भरोसा और विश्वास खो दिया है।”

स्टार्मर से पद छोड़ने की अपील करते हुए, उन्होंने आगे कहा, “जनता को विश्वास नहीं है कि आप इस बदलाव का नेतृत्व कर सकते हैं, और मुझे भी नहीं है। इसलिए मैं आपसे आग्रह करती हूं कि देश और पार्टी के हित में सही निर्णय लें और एक व्यवस्थित परिवर्तन की समय-सारणी तय करें ताकि एक नई टीम वह बदलाव ला सके जिसका हमने देश से वादा किया था।”

बढ़ते दबाव के बीच स्टार्मर ने भी स्पष्ट किया है कि वो इस्तीफा नहीं देंगे। द गार्डियन के मुताबिक उन्होंने अपने कैबिनेट से स्पष्ट कहा कि पिछली हार की जिम्मेदारी उन्होंने ली है वो आगामी दिनों में चीजों को दुरुस्त करने की कोशिश करेंगे।

पिछले कुछ दिनों से स्टार्मर के ऊपर इस्तीफे का दबाव उनकी पार्टी की ओर से बढ़ रहा है। हाल ही में पूरे इंग्लैंड में काउंसिल चुनावों में लेबर पार्टी को करारी शिकस्त मिली तो स्कॉटलैंड और वेल्स में भी असफल रहे। वेल्स में पार्टी ने 1999 के बाद पहली बार वेल्श पर अपना नियंत्रण खो दिया। ‘प्लेड सिम्रू’ पार्टी के हाथों उन्हें हार मिली।

बता दें कि, स्टार्मर जुलाई 2024 में एक शानदार जीत के साथ सत्ता पर काबिज हुए थे। उन्होंने 14 साल के कंजर्वेटिव शासन को समाप्त कर दिया था। उन्हें आर्थिक ठहराव, बढ़ती महंगाई और राजनीतिक विवादों के चलते आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

अन्य ख़बरें

भारत-रूस साझेदारी को नई दिशा, जयशंकर-लावरोव की वार्ता में कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

Newsdesk

बलूचिस्तान में मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप, एक नागरिक की मौत, दो लोग जबरन गायब

Newsdesk

तिब्बत में चीनी शिक्षा प्रणाली सांस्कृतिक आत्मसात्करण और पहचान के मिटने को लेकर चिंता

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading