402 चयनित ग्रामों में लगाए जाएंगे आदि सेवा शिविर, विभिन्न योजनाओं का मिलेगा लाभ
===
जनभागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले की जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला सम्पन्न
===
शहडोल 18 मई 2026-कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता में जनभागीदारी सबसे दूर सबसे पहले अभियान की जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला कलेक्टर सभागार में सम्पन्न हुई। कलेक्टर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विशेष जनजातीय समूहों के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शासन द्वारा 18 मई 2026 से 25 मई 2026 तक जिले में व्यापक जनभागीदारी अभियान चलाया जा रहा है।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनन्द राय सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना धरती आबा योजना तथा आदि कर्मयागी योजना के तहत जिले के चयनित 402 ग्रामों में विभिन्न विभागों के सहयोग से आदि सेवा केंद्रों के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। अभियान के लिए जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, जनधन खाता, पीएम जीवन ज्योति एवं सुरक्षा बीमा योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, एफआरए पट्टा तथा पीएम विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत 19 मई को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, छात्रावासों एवं आश्रमों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। अभियान के दौरान ग्राम संपर्क कार्यक्रम आयोजित कर जनमानस को शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
20 मई को ग्राम संपर्क अभियान के माध्यम से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित होंगी, वहीं 21 से 23 मई तक सभी ग्रामों में आदि सेवा केंद्रों एवं जनसुनवाई शिविरों का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। 24 मई को अभियान की गतिविधियों का मूल्यांकन किया जाएगा तथा 25 मई को जिला स्तर पर समीक्षा एवं मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान प्रत्येक गतिविधि का फोटोग्राफ एवं फीडबैक पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अभियान के सफल संचालन हेतु जिला पंचायत एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, श्रीमती मिनीषा पाण्डेय, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अन्तोनिआ एक्का, सुश्री अर्चना मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


