FTK किट से सीखी पानी परीक्षण की प्रक्रिया
बालाघाट जिले के विकासखंड किरनापुर अंतर्गत जल गंगा संवर्धन गतिविधि के तहत 18 मई 2026 को जनपद पंचायत किरनापुर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) द्वारा फील्ड टेस्टिंग किट (FTK) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम स्तर पर पेयजल गुणवत्ता की नियमित निगरानी को मजबूत बनाना एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जल परीक्षण के लिए प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मोरवाही, सेवती, मोहगांव खुर्द एवं भालवा सेक्टर की कुल 79 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सेक्टर सुपरवाइजरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण ब्लॉक समन्वयक श्रुति डहाटे द्वारा प्रदान किया गया। इस दौरान सभी 79 कार्यकर्ताओं की FTK यूजर आईडी भी बनाई गई, जिसमें हरीश झा, शीतल मिश्रा, रानी सिंह राजपूत एवं मोहिनी पटले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों से लाए गए पानी के नमूनों की मौके पर ही जांच कर कार्यकर्ताओं को बताया गया कि पानी में घुले विभिन्न तत्वों की पहचान किस प्रकार की जाती है। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से पानी की गुणवत्ता के 4 से 5 महत्वपूर्ण मानकों की जांच करना सिखाया गया। इनमें pH मान (पानी की अम्लीयता एवं क्षारीयता), फ्लोराइड की मात्रा, आयरन (लोहा) की मात्रा एवं पानी की कठोरता (हार्डनेस) शामिल रही। प्रशिक्षकों ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से सभी परीक्षणों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया, जिससे कार्यकर्ताओं को प्रक्रिया समझने में आसानी हुई।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बालाघाट उपखंड किरनापुर के उपयंत्री श्री पवन पराडकर ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पेयजल स्रोतों की वर्ष में कम से कम दो बार, मानसून से पहले एवं मानसून के बाद अनिवार्य रूप से जांच करें। उन्होंने कहा कि नियमित जल परीक्षण से दूषित पानी की पहचान समय रहते हो सकेगी तथा लोगों को सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षण के पश्चात आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वयं रुचि लेकर अपने केंद्रों के पेयजल स्रोतों की जांच की और सभी परीक्षणों को व्यवहारिक रूप से समझा। कार्यकर्ताओं ने इस पहल को ग्राम स्तर पर जल गुणवत्ता निगरानी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खंड कार्यालय बालाघाट से शीतल मिश्रा एवं हरीश झा (PMU), उपखंड किरनापुर से उपयंत्री श्री पवन पराडकर, ब्लॉक समन्वयक रानी सिंह राजपूत, श्रुति डहाटे एवं मोहिनी पटले उपस्थित रहीं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग से पर्यवेक्षक श्रीमती रेखा देशमुख एवं श्रीमती धनवंता वरकड़े की उपस्थिति रही। महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी किरनापुर श्रीमती जागृति बघेल का भी कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।


