जबलपुर। अपराधों की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने कई वर्षों से फरार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 205 वारंट तामील किए।
जानकारी के अनुसार दिनांक 16 मई 2026 की रात्रि 9 बजे से 17 मई 2026 की रात्रि 2 बजे तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी तथा समस्त नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में शहर और देहात के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने स्टाफ के साथ कॉम्बिंग गश्त की गई।
अभियान के दौरान जिलेभर में छापेमारी कर वारंटी एवं लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। प्रत्येक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों द्वारा किया गया।
पुलिस टीमों ने दबिश देकर कार्रवाई करते हुए कई वर्षों से फरार 106 गैर मियादी वारंटियों, 55 गिरफ्तारी वारंट तथा 44 जमानती वारंटों की तामीली की। इनमें अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण की दिशा में चलाए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। जनता में सुरक्षा की भावना विकसित करना तथा कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी आवश्यक थी और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी सघन जांच की गई। देर रात घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी की गई।


