33.7 C
Jabalpur
May 21, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पिसनहारी की मढ़िया में महिला श्रद्धालु से दुष्कर्म की कोशिश, चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग


जबलपुर। शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पिसनहारी की मढ़िया स्थित जैन धर्मशाला परिसर में रविवार रात एक महिला श्रद्धालु के साथ दुष्कर्म की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि जयपुर से आए एक श्रद्धालु परिवार की महिला के साथ धर्मशाला परिसर में बने सुलभ शौचालय में एक बदमाश ने चाकू की नोक पर छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म और लूटपाट की कोशिश की। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।
गढ़ा पुलिस के अनुसार घटना रविवार देर रात की है। महिला अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर जबलपुर आई थी और पिसनहारी की मढ़िया स्थित जैन धर्मशाला में रुकी हुई थी। इसी दौरान वह परिसर में बने सुलभ शौचालय की ओर गई थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद एक युवक ने महिला को अकेला देखकर चाकू अड़ाकर डराने-धमकाने का प्रयास किया और उसके साथ अभद्रता करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की।
महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर धर्मशाला परिसर और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपी वहां से भाग निकला। बताया जा रहा है कि घटना के समय धर्मशाला परिसर में कोई सुरक्षा गार्ड या सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद श्रद्धालु परिवार काफी सदमे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर बाहर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है। लोगों ने धर्मशाला प्रबंधन से परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और रात के समय सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने धर्मशाला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक भागता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्ध युवक की तलाश में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना के बाद धर्मशाला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अन्य ख़बरें

सभी संभागों में जल समस्या का समाधान करने नगर निगम द्वारा लगाया गया जल चौपाल

Newsdesk

जेडीए के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन को ‘स्टेडियम किंग्स परिवार’ ने दी बधाई, शहर के विकास की जताई उम्मीद

Newsdesk

सांसद आशीष दुबे का मझोली पूर्व मंडल के ग्राम पंचायतों में जनसंपर्क प्रवास संपन्न

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading