_शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम से विद्यालय में खुशी की लहर_
कान्हीवाड़ा- जवाहर नवोदय विद्यालय कान्हीवाड़ा ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के कुल 72 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जिनमें सभी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय स्तर पर वाणिज्य संकाय के प्रतिभाशाली छात्र तन्मय बनोडे ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान संकाय के छात्र लोमेश शरणागत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कला संकाय की छात्रा रितू भारद्वाज ने 88.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री डी. के. मिश्रा ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सतत सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन के लिए जाना जाता रहा है तथा विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट परिणाम देकर इस परंपरा को कायम रखा है।
इस अवसर पर शिक्षक किरन नामदेव, संतराम डांगे, टी.पी. मेहरा, डी.पी. कटरे, अभिनव राहुल, वेदना वैद्य, तारकेश्वर शाह सहित समस्त विद्यालय परिवार ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि छात्र आगे भी शिक्षा एवं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।


