जबलपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गांव-गांव शराब बिक्री, अवैध गतिविधियों और प्रशासनिक अनियमितताओं के विरोध में आज नगर कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जबलपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवंटित शराब दुकानें निर्धारित स्थानों के बजाय अन्य जगहों पर संचालित की जा रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ऐसी दुकानों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शराब ठेकेदार अपने कर्मचारियों के माध्यम से गांव-गांव अवैध रूप से शराब सप्लाई करवा रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने पर ठेकेदारों के कथित बंदूकधारी गुंडों द्वारा मारपीट, अभद्र व्यवहार और झूठे प्रकरणों में फंसाने जैसी घटनाएं की जा रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
धरने के दौरान गांवों में जुआ-सट्टा संचालन पर भी नाराजगी जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम जुआ-सट्टा खिलाया जा रहा है, जिस पर प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
इसके अलावा नर्मदा घाटों में टेंडर अवधि समाप्त होने के बाद भी रेत उत्खनन जारी रहने का आरोप लगाते हुए अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की गई। वहीं गेहूं खरीदी में स्लॉट बुकिंग की समस्या को लेकर खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस पार्टी गांव-गांव मुख्यमंत्री का पुतला दहन करेगी तथा कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान किसान नेता परमलाल आवासी, प्रमोद शुक्ला, सोनू दुबे, चतुर सिंह, रामबाबू सिंह, लोकेश मिश्रा, मोनू जसवाल, दुर्जन पटेल, रामकुमार श्याम, देवांश सेंगर, संग्राम सिंह, ऋषि पचौरी, अनिरुद्ध पटेल, पुरंदर सिंह, विनोद नायक, आशीष जैन, मदन शर्मा, जय सिंह, राजकमल जैन, यशराज सिंह, शेख शाहिद, परसोत्तम पटेल, शिवम खटीक सहित अनेक युवा एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।


