33.7 C
Jabalpur
May 21, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

तीन बड़ी चोरियां: सूने मकानों को निशाना बना रहे चोर, पुलिस की तलाश जारी, अपराधियों के हौसले बुलंद

जबलपुर। जिले में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। मझौली, बेलबाग और मझगवां थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग वारदातों में अज्ञात चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने न केवल आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी स्पष्ट किया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

पहला मामला मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम मुडारी का है। यहां रानी मेहरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 मई की रात परिवार घर के कच्चे कमरे में सोया हुआ था, जबकि पक्के मकान में बाहर से ताला लगा था। सुबह जब उन्होंने पक्के मकान में जाकर देखा तो ताला टूटा हुआ था। अंदर रखी अलमारी खुली मिली और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोर सोने का मंगलसूत्र, छोटा मंगलसूत्र, झुमकी, चांदी की पायल, चेन, चूड़ियां, अंगूठी सहित कई पुराने जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

दूसरी वारदात बेलबाग थाना क्षेत्र के प्रेमसागर इलाके में सामने आई। अशोक वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं और वे स्वयं 16 मई की रात अपनी बहन के घर चले गए थे। अगली सुबह सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब वे घर पहुंचे तो अंदर अलमारी और लॉकर खुले मिले। चोर सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, कंगन, चांदी की पायल, बिछिया और करीब 20 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

तीसरा मामला मझगवां थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा मकुर का है। यहां रमेश सिंह परस्ते के परिजन शादी समारोह में गए हुए थे। रमेश भी घर में ताला लगाकर खेत चले गए। कुछ ही समय बाद जब वे लौटे तो घर के कमरे, अलमारी और पेटी के ताले टूटे मिले। चोर चांदी के जेवर, सोने के टॉप्स, सोने का छोटा लॉकेट और करीब 20 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। इस मामले में भी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीनों घटनाओं में चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाया और ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। स्थानीय स्तर पर अब यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर चोर इतने बेखौफ कैसे हो गए हैं और पुलिस की गश्त व निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है।

अन्य ख़बरें

सभी संभागों में जल समस्या का समाधान करने नगर निगम द्वारा लगाया गया जल चौपाल

Newsdesk

जेडीए के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन को ‘स्टेडियम किंग्स परिवार’ ने दी बधाई, शहर के विकास की जताई उम्मीद

Newsdesk

सांसद आशीष दुबे का मझोली पूर्व मंडल के ग्राम पंचायतों में जनसंपर्क प्रवास संपन्न

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading