जबलपुर: पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में लूनी रिकरिच्छा स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने तुरंत उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट, इलेक्ट्रिकल फॉल्ट या किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की संभावना पर ध्यान दिया जा रहा है। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने का संकेत दिया।
घटना के दौरान यात्रियों में हड़कंप मच गया था, लेकिन रेलवे कर्मियों और सुरक्षा दल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
उच्चस्तरीय 6 सदस्यीय समिति का नेतृत्व मुख्य सुरक्षा अधिकारी मनोज गुरुमुखी कर रहे हैं। समिति ने घटनास्थल और जले हुए कोच का विस्तृत निरीक्षण किया, साथ ही सभी संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। समिति में प्रमुख तकनीकी और सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं, जो आग लगने के कारण, कोच की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को प्रस्तुत करेंगे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह जांच भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने में मददगार होगी।


