बकरीद की सुरक्षा, नशा मुक्ति और क्राइम कंट्रोल पर मीडिया संग मंथन
सिवनी- आगामी बकरीद पर्व, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस-मीडिया समन्वय को लेकर शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम सिवनी में एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने की। इसमें जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया।
बैठक में एसपी श्री लालचंदानी ने कहा कि पुलिस और मीडिया समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जिनके बीच बेहतर समन्वय से जनहित के कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकते हैं। उन्होंने तथ्यात्मक और पारदर्शी सूचना साझा करने पर जोर देते हुए कहा कि जनता तक सही जानकारी पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
बकरीद पर सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने की जानकारी दी गई। एसपी ने सभी समुदायों से सौहार्द बनाए रखने और पारंपरिक तरीके से कुर्बानी किए जाने की अपील की।
नशा कारोबारियों पर सख्ती
बैठक में जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाई जाएगी तथा ड्रग पेडलर्स के खिलाफ सप्लाई चेन तक कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब, गौमांस परिवहन, अवैध आहते और सोना-जेवरात चोरी जैसे अपराधों पर “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने की बात कही गई।
जनसंवाद और व्यवहार सुधार पर जोर
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता और मीडिया से सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।
हर थाने का होगा निरीक्षण
श्री लालचंदानी ने बताया कि आगामी 10 दिनों के भीतर जिले के सभी थानों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान मीडिया और आमजन से सीधा संवाद भी किया जाएगा। पुलिस कार्यप्रणाली के डिजिटलाइजेशन और विवेचकों को तकनीकी प्रशिक्षण देने की योजना पर भी चर्चा हुई।
सड़क सुरक्षा के लिए बनेगी कार्ययोजना
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। एसपी ने कहा, “यदि एक भी जान बचाई जा सके तो यह बड़ी उपलब्धि होगी।”
सामुदायिक पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में समर कैंप, मोहल्ला समिति और सीसीटीवी जनभागीदारी जैसे नवाचारों के माध्यम से सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर बल दिया गया।
पत्रकारों ने बल की कमी, थाना प्रभारियों की जवाबदेही, लोकायुक्त ट्रैप जैसे विषयों पर सवाल रखे, जिनका एसपी द्वारा विस्तार से जवाब दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी सिवनी सचिन परते, कंट्रोल रूम प्रभारी उमेश्वर ठाकरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जिले के पत्रकार उपस्थित रहे।


