जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने आज बीजाडांडी विकासखण्ड में दीपिका वेयरहाउस स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नारायण गंज गेहूं खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर उपार्जन से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने खरीदी केन्द्र पर भंडारण और खरीदी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया एवं विभागीय अधिकारियों से गेहूं उपार्जन की दैनिक प्रगति, परिवहन, भंडारण, भुगतान आदि की जानकारी ली। संभागायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी के लिए जितने भी स्लॉट शेष बचे हैं, उन पर उपार्जन कार्य समय से पूरा किया जाए। क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम को वेयरहाउस उपार्जन कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं उनके द्वारा शासन के निर्धारित मापदण्ड अनुसार गेहूँ खरीदी में मानक गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि उपार्जन कार्य की नियमित मॉनिटरिंग हेतु जिला स्तर से लेकर प्रत्येक उपार्जन केंद्र तक नोडल अधिकारियों की जिलों में नियुक्ति की गई हैI इसके साथ-साथ संभाग के स्तर से संभागीय अधिकारियों को भी जिले आवंटित कर नियमित मॉनिटरिंग हेतु दायित्व सौंपा गया है।
संभागायुक्त द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को शासन नीति अनुसार उपार्जन प्रबंध सुनिश्चित करने हेतु उपार्जन केन्द्रों का सघन भ्रमण करने के लिए निर्देशित किया गया।
संभागायुक्त धनंजय सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती मरीजों के बेड पर आवश्यक विवरण टी.पी.आर. चार्ट में दर्ज करने, मरीजों को डाइट चार्ट अनुसार भोजन उपलब्ध कराने, टीकाकरण कक्ष के बाहर लगने वाले टीकों की जानकारी प्रदर्शित करने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गर्भवती महिलाओं का ए.एन.सी. पंजीयन एवं टीबी एवं सिकल सेल मरीजों की जांच आदि की कार्यवाहियां नियमानुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त अस्पताल के सभी वार्डों में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।


