May 23, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

भेड़ाघाट को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में तेज होंगे कार्य


जिला शहरी विकास अभिकरण की जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित
जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) की जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरगी विधायक श्री नीरज सिंह, सिहोरा विधायक श्री संतोष वरकड़े, नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार सहित विभिन्न नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अमृत 2.0 योजना अंतर्गत अटल नवीनीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन के तहत हरित क्षेत्र विकास, जल निकायों के कायाकल्प, जल प्रदाय एवं सीवरेज परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। नगरीय परिषदवार प्रगति की जानकारी लेते हुए पौधारोपण, पाथ-वे निर्माण, वॉटर बॉडी विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान केंद्र सरकार की नई प्रायोजित योजना “अर्बन चैलेंज फंड” के अंतर्गत प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। प्रस्तावित परियोजना-1 के तहत कटंगी क्षेत्र को आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे से विकसित करते हुए लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से आर्थिक एवं सामाजिक हब के रूप में विकसित करने की योजना पर विचार-विमर्श किया गया।
वहीं प्रस्तावित परियोजना-2 के अंतर्गत भेड़ाघाट को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण कार्यों पर चर्चा की गई। बरगी विधायक नीरज सिंह ने भेड़ाघाट स्वर्गद्वारी रोड के सौंदर्यीकरण, गार्डन, ग्रीन पार्क, जूलॉजिकल गार्डन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा स्वीमिंग पूल निर्माण के सुझाव दिए, जिससे भेड़ाघाट को और अधिक आकर्षक पर्यटन स्थल बनाया जा सके।
कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाएं बड़े स्तर पर एवं उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार की जाएं। नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने भी परियोजनाओं को नई दिशा देने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में यूसीएफ योजना अंतर्गत पनागर क्षेत्र के सुंदरवन को ईको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
सिहोरा विधायक श्री संतोष वरकड़े ने क्षेत्र में प्रगतिरत कार्यों की धीमी गति तथा स्थानीय समस्याओं की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से समस्याओं का निराकरण करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिहोरा एवं मझौली क्षेत्र की पेयजल समस्याओं की समीक्षा करते हुए सभी स्थानों पर सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण, कचरा संग्रहण एवं परिवहन व्यवस्था की भी नगरीय निकायवार समीक्षा की गई। कठौंदा कचरा प्लांट तक कचरे के परिवहन की स्थिति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में कचरे के ढेर लगे हैं, वहां शीघ्र परिवहन सुनिश्चित किया जाए तथा समस्याग्रस्त क्षेत्रों में नगरीय परिषदों के साथ समन्वय बैठक कर कार्ययोजना तैयार की जाए।
नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने कठौंदा कचरा प्लांट से संबंधित कार्ययोजना की जानकारी दी। कलेक्टर श्री सिंह ने स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन हेतु सभी नगरीय निकायों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों से नागरिकों को अधिक से अधिक फीडबैक देने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि जबलपुर पुनः स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर सके।
बैठक में नगरीय निकायों एवं नगरीय परिषदों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

ट्विशा शर्मा केस में बड़ा अपडेट, समर्थ सिंह को हिरासत में लेकर भोपाल रवाना हुई पुलिस

Newsdesk

वार्डों में पहुँच रही नगर निगम की जल चौपाल मौके पर ही हो रहा पानी की समस्याओं का समाधान

Newsdesk

संभागायुक्त ने गेहूं खरीदी व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading