जयपुर, 28 मई राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जयपुर स्थित शासन सचिवालय में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद फोन पर आम लोगों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सीधे शिकायतकर्ताओं से संवाद कर यह जानने की कोशिश की कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं।
एक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कोटा जिले के खैराबाद निवासी प्रिंस नाम के युवक से फोन पर कहा, “मैं भजनलाल शर्मा बोल रहा हूं, बताइए आपकी क्या समस्या है?”
मुख्यमंत्री की आवाज सुनकर शिकायतकर्ता कुछ पल के लिए हैरान रह गया। इसके बाद उसने बिजली आपूर्ति से जुड़ी अपनी परेशानी बताई। मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को मामले का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए और शिकायतकर्ता को भरोसा दिलाया कि समस्या का शीघ्र निपटारा होगा।
इसी तरह दौसा जिले के रामगढ़ पचवारा निवासी पुनीराम ने पट्टे से जुड़ी शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर भजनलाल शर्मा ने कहा, “मैं आपके गांव आ चुका हूं। आपके मामले को लेकर पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं।” मुख्यमंत्री की यह बात सुनकर शिकायतकर्ता ने संतोष जताया।
अजमेर जिले के अराई निवासी हेमराज ने अपने क्षेत्र में पानी की समस्या की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की विस्तार से जानकारी ली और संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन आम लोगों की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने बताया कि व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से हेल्पलाइन सेंटर का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और मॉनिटरिंग सिस्टम की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों से समय-समय पर फीडबैक लिया जाए, अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाए और शिकायतों के समाधान की मजबूत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने हर शिकायतकर्ता की समस्या का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


