महापौर प्रीमियर लीग का होगा भव्य 10 दिवसीय आयोजन*
प्रीमियर लीग में 8 सामाजिक संगठनों के द्वारा 2-2 टीमों को खेल मैदान में उतारा जायेगा*
1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर के बीच रेल्वे स्टेडियम में खेला जायेगा महापौर प्रीमियर लीग का मैच*
क्रिक्रेट मैच के दौरान दिखेगा प्रतिस्पर्धा का बड़ा मुकाबला*
*1 लाख 21 हजार का होगा प्रथम पुरूस्कार, महापौर ने 8 सामाजिक संगठनों के साथ बैठक आयोजित कर आज लिया निर्णय*
जबलपुर। शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए एक शानदार पहल की जा रही है। आगामी 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर के बीच स्थानीय रेलवे स्टेडियम में ‘‘महापौर प्रीमियर लीग’’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस 10 दिवसीय खेल महाकुंभ को लेकर सामाजिक संगठनों के साथ आज महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने एक बैठक की। इस बैठक में नगर निगम के अध्यक्ष रिकुंज विज सहित सभी संगठनों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
*सामाजिक संगठनों की अनूठी भागीदारी*
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बैठक के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि इसमें शहर के 8 प्रमुख सामाजिक संगठन क्रमशः जैन प्रीमियर ली के गौरव जैन, पंजाबी प्रीमियर लीग के कौशल सूरी, नितिन भाटिया, सिंधी प्रीमियर लीग के कमल कलवानी, सराफा प्रीमियर लीग के राजा सराफ, ब्राम्हण प्रीमियर लीग के अंकित, चैरसिया प्रीमियर लीग के मनोज चैरसिया, सिख प्रीमियर लीग के चरन जी, एवं अग्रवाल प्रीमियर लीग के मृदल अग्रवाल ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई हैं। प्रत्येक संगठन द्वारा खेल के मैदान में 2-2 टीमें उतारी जाएंगी। इस तरह कुल 16 टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच बनेगा, बल्कि विभिन्न सामाजिक संगठनों के बीच आपसी तालमेल और भाईचारे को भी नया आयाम देगा।
महापौर ने बताया कि यह प्रीमियर लीग सिर्फ हार-जीत का खेल नहीं है, बल्कि हमारे शहर की एकता, ऊर्जा और खेल भावना का उत्सव है। सामाजिक संगठनों का आगे आना यह दर्शाता है कि हम सब मिलकर एक स्वस्थ और सक्रिय समाज का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में क्रिकेट प्रेमियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा और रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे। इससे संबंधित जो भी निर्णय लिये जायेगें समिति के सदस्यों की एक समिति बनाई जायेगी और उस समिति के सदस्यों द्वारा लिये गए निर्णय के अनुसार ही कार्य किये जायेगें। महापौर श्री अन्नू ने बताया कि विजेता टीम को 1 लाख 21 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उपविजेता और व्यक्तिगत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। मैचों का आयोजन शहर के प्रतिष्ठित रेलवे स्टेडियम में किया जाएगा, जहाँ दर्शकों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।


