लोन ऐप के नाम पर ब्लैकमेलिंग करने वालेअंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, 11 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की कोतवाली पुलिस ने फर्जी लोन रिकवरी और साइबर ब्लैकमेलिंग के जरिए लोगों से अवैध वसूली करने वाले एक अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर लोगों से धन उगाही करते थे और लेन-देन को छिपाने के लिए क्रिप्टो करेंसी का उपयोग करते थे।
पुलिस के अनुसार अपराध से प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों से स्थानांतरित कर क्रिप्टो करेंसी यूएसडीटी में परिवर्तित किया जाता था। आरोपी अंतरराष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लेन-देन के स्रोत को छिपाने का प्रयास करते थे। कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।प्रारंभिक जांच में आरोपियों के बैंक खातों से लगभग 30 लाख रुपये के अन्य संदिग्ध साइबर लेन-देन के संकेत भी मिले हैं।
बाघ हमले में मृत महिला के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
उमरिया, 11 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरवा में गत 24 मई को बाघ के हमले में मृत महिला के परिजनों को कुल 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मृतका फूल बाई पत्नी पहलू पाल के परिवार को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 17 लाख रुपये तथा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से नियमानुसार 8 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।बताया गया है कि 24 मई को ग्राम खेरवा में एक बाघ घर में घुस आया था और उसने फूल बाई पर हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त हो गया था।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की सेवा अवधि फरवरी 2027 तक बढ़ी
रायपुर 11 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार भारत के संविधान के अनुच्छेद 243-क के खंड (2) के तहत प्रदत्त शक्तियों तथा छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त (सेवा शर्ते) नियम, 2002 के नियम 5 के द्वितीय परंतुक के प्रावधानों के अंतर्गत राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस, 1983 बैच) की सेवा अवधि में वृद्धि की गई है।
श्री सिंह को विभागीय अधिसूचना 01 जून 2024 के माध्यम से छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग में राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। आगामी निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए उनकी सेवा अवधि फरवरी 2027 तक अथवा राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियमित पदस्थापना होने तक, जो भी पहले हो, के लिए बढ़ाई गई है।
असम नागा लैंड तेल समझौता ऐतिहासिक, विदेशों पर निर्भरता होगी कम: शाह
नयी दिल्ली 11 जून (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नागालैंड, असम और पेट्रोलियम मंत्रालय के बीच तेल और गैस के अन्वेषण के त्रिपक्षीय समझौते को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा है कि इससे विदेश से तेल की निर्भरता कम होगी।श्री शाह की मौजूदगी में गुरुवार को यहां इस त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।समझौते के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक समझौता है जिससे असम और नागालैंड के विकास का आर्थिक राजमार्ग खुलेगा।
उन्होंने कहा, ” आज देश नागालैंड, असम और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय के बीच ऑयल और गैस के एक्सप्लोरेशन के त्रिपक्षीय समझौते के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बन रहा है। इसके लिए बहुत-बहुत बधाई। इस पहल को आने वाले दिनों में इतिहास में लिखा जाएगा। इससे ऑयल और नेचुरल गैसों के एक्सप्लोरेशन की संभावनाएं और मिनरल्स की संभावनाएं बढ़ेगी। मोदी जी ने विकसित उत्तरपूर्व की जो संकल्पना रखी है, जिसकी बड़ी बाधा को आज दूर करने काम किया गया। पूरा उत्तर पूर्व राष्ट्रप्रथम की भावना से आगे बढ़ रहा है।”
रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल में शामिल हुए संजय लोहिया
नयी दिल्ली, 11 जून (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्रालय में वित्तीय सेवा विभाग के सचिव संजय लोहिया को रिजर्व बैंक (आरबीआई) के केंद्रीय निदेशक मंडल में शामिल किया गया है।आरबीआई ने गुरुवार को बताया कि श्री लोहिया का कार्यकाल 11 जून 2026 से प्रभावी हो गया है। वह अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।आरबीआई के केंद्रीय निदेशकमंडल में श्री लोहिया पूर्व वित्तीय सेवा सचिव एम. नागराजू की जगह लेंगे जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो गये थे। वित्तीय सेवा सचिव केंद्र सरकार के नामित सदस्य के रूप केंद्रीय बैंक में निदेशक होते हैं।श्री लोहिया 1994 बैच के असम कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। गत 01 जून को वित्तीय सेवा सचिव का पदभार संभालने से पहले वह विभाग में विशेष सचिव के पद पर थे।


