बलरामपुर, 12 जून उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही करीब 10 करोड़ रुपये कीमत की गांजे की विशाल खेप आखिरकार बलरामपुर पुलिस की सतर्कता के आगे टिक नहीं सकी। छत्तीसगढ़ के कई जिलों और दर्जनों थाना क्षेत्रों को पार करने के बाद तस्करों का ट्रक जैसे ही उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर बढ़ा, बसंतपुर पुलिस ने आखिरी मूवमेंट पर उसे दबोच लिया। कार्रवाई में 1,941.110 किलोग्राम गांजा, 50 लाख रुपये कीमत का ट्रक और दो अंतरराज्यीय तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए।पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में चल रहे एण्ड-टू-एण्ड अभियान के दौरान थाना बसंतपुर पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर सूचना मिली कि एनडीपीएस एक्ट के पुराने मामले का मुख्य आरोपी फिर सक्रिय हो गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11-12 जून की दरम्यानी रात घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक RJ-14 GU-9078 को रोक लिया।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखे गए 62 पैकेटों से कुल 1,941.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल ट्रक की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।मौके से लोकेश शर्मा (46 वर्ष), पिता हरिराम शर्मा, निवासी जरोथापाड़ा, थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा आशिष अंसारी (23 वर्ष), पिता कल्लू अंसारी, निवासी बड़ीकला, थाना घपर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी लोकेश शर्मा वर्ष 2025 में दर्ज एक अन्य बड़े गांजा तस्करी प्रकरण का भी मुख्य आरोपी है। उस मामले में भी उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और ट्रक जब्त किया गया था। पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इससे जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप उड़ीसा से रवाना होकर छत्तीसगढ़ के रायगढ़, सरगुजा, सूरजपुर सहित कई जिलों और थाना क्षेत्रों को पार करते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा रही थी। तस्करों को उम्मीद थी कि वे बिना किसी कार्रवाई के सीमा पार कर जाएंगे, लेकिन बलरामपुर पुलिस ने अंतिम मूवमेंट पर पूरी खेप पकड़कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, उप निरीक्षक संजीव सांड़िल्य, प्रधान आरक्षक हरिशंकर, आरक्षक आकाश तिवारी, सागर सैल, भुवनेश भारती, जावेद सिंह, धर्मेंद्र यादव, रामसागर एवं अजय देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


