35.8 C
Jabalpur
June 14, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

गुल्ली बीनने गई महिला पर बाघ का हमला, मौत


_कुरई वन क्षेत्र के जिलापुर गांव की घटना, खेत से लगे जंगल में मिला शव_
कुरई – दक्षिण सामान्य वन मंडल सिवनी के कुरई परिक्षेत्र अंतर्गत गोरखपुर बीट के पीएफ-258 कम्पार्टमेंट स्थित ग्राम जिलापुर में रविवार को बाघ के हमले से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जिलापुर निवासी शांति बाई कुमरे (55 वर्ष), पति रोशन कुमरे गांव से लगे जंगल में गुल्ली (वन उपज) बीनने गई थीं। काफी समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पहले खेतों एवं आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
बाद में परिजनों एवं ग्रामीणों ने खेत से लगे जंगल में तलाश की, जहां शांति बाई का शव बरामद हुआ। घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर महिला की मौत बाघ के हमले से होना बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया और जांच शुरू कर दी।
एसडीओ योगेश पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शांति बाई कुमरे की मृत्यु हो चुकी है तथा वन विभाग द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा शासन की विभिन्न सहायता योजनाओं के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता एवं अन्य लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने और वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
घटना के बाद जिलापुर सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ाने तथा बाघ की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

*वन विभाग की अपील*

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं, समूह में ही वन उपज संग्रह करें तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। बाघ की मौजूदगी को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

अन्य ख़बरें

समान नागरिक संहिता पर जनसामान्य के सुझावों के अनुसार किया जाएगा नीति निर्माण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Newsdesk

मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर पत्रकारवर्ता कर कांग्रेस ने उठाए सवाल

Newsdesk

फुटबॉल स्टार बनने का सपना, ट्रायल में युवा खिलाड़ियों ने दिखाया जोश और जुनून

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading