चोरी के 7 मोबाइलों सहित शातिर आरोपी गिरफ्तार, एक माह में 15 मोबाइल बरामद
अनूपपुर। शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) अनूपपुर ने रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे प्लेटफार्म एवं ट्रेन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के मोबाइलों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1,15,500 बताई गई है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 13 जून 2026 को रेलवे स्टेशन अनूपपुर में प्लेटफार्म एवं ट्रेन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक कटनी-बिलासपुर मेमू ट्रेन से उतरकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम महेंद्र सिंह पिता अर्जुन सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी बड़ा लखौरा, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर बताया।
तलाशी एवं पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ, जिसका मिलान चौकी जीआरपी अनूपपुर के अपराध क्रमांक 81/26 धारा 303(2) बीएनएस से किया गया। मोबाइल चोरी का होना प्रमाणित पाए जाने पर उसे विधिवत जप्त किया गया।
इसके बाद आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों के 6 अन्य मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें ओप्पो, रेडमी, सैमसंग एवं रियलमी कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग ₹1,00,500 आंकी गई है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह इन मोबाइलों को बेचने की नीयत से शहडोल से अनूपपुर आया था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/26, धारा 317(2) एवं 317(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल जब्त किए तथा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
जीआरपी के अनुसार आरोपी का पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उल्लेखनीय है कि शासकीय रेल पुलिस अनूपपुर द्वारा पिछले एक माह के भीतर विभिन्न मामलों में 15 मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹2,67,500 है, बरामद किए जा चुके हैं।
इस सराहनीय कार्रवाई में जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई प्रीतम सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद गौतम तथा आरक्षक मनोज यादव एवं संजीत शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के लिए जीआरपी द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है।


