संयुक्त वन एवं पुलिस दल की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, वाहन मालिक फरार
सिवनी :- पेंच टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में अवैध प्रवेश कर मत्स्याखेट करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 128 किलोग्राम मृत मछलियां एवं एक बोलेरो वाहन जप्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन मालिक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 जून 2026 को पेंच टाइगर रिजर्व, सिवनी क्षेत्र के वन परिक्षेत्र गेम रेंज गुमतरा (कोर) के गश्ती दल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर मत्स्याखेट कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वन अमले ने पुलिस दल के साथ संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलपुलडोह-खमारपानी मार्ग पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से दो जूट के बोरे, दो नायलोन थैले एवं एक प्लास्टिक कैरेट में भरी लगभग 128 किलोग्राम मृत मछलियां बरामद हुईं। वन विभाग ने मौके पर मौजूद राजू विश्वकर्मा (35 वर्ष), निवासी मरजातपुर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वाहन मालिक शरीफ खान (55 वर्ष), निवासी खमारपानी मौके से फरार हो गया।
वन विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जप्त सामग्री एवं वाहन को कब्जे में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया हेतु माननीय न्यायालय छिंदवाड़ा में प्रस्तुत किया गया।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पेंच टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


