जबलपुर। जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना बरगी थाना क्षेत्र और गौर पुलिस चौकी के बीच नर्मदा नदी पुल पर हुई। बरगी की ओर से आ रही बाइक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर (क्रमांक MP34-ZF-6543) ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद जोरदार थी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना स्थल बरगी थाना क्षेत्र में होने के कारण बरगी थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक बरगी से गौर की ओर जा रहे थे। फिलहाल उनकी शिनाख्त और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित डंपर को जब्त कर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


