जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ करने नगर निगम द्वारा लगातार साकारात्मक प्रयास किये जा रहे हैं। इन सभी कार्यो की समय-समय पर समीक्षा एवं निरीक्षण भी किया जा रहा है। वर्षाऋतु को ध्यान में रखते हुए शहर में जलप्लावन की स्थिति निर्मित न हो उसके लिए भी नगर निगम द्वारा बेहतर ढंग से नाला-नालियों की सफाई कराई जा रही है। इन सभी कार्यो की प्रगति जानने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सी.एम. हेल्पलाइन, जल प्रदाय, शासकीय योजना, स्वास्थ्य, प्रकाश, बाजार और अतिक्रमण विभागों के कार्यों की समीक्षा की और प्रगति की जानकारी ली। इस अवसर पर निगमायुक्त श्री अहिरवार ने जल विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जितने भी शहर में अवैध कनेक्शन चिन्हित हैं उन सभी को वैध करने की प्रक्रिया पूरी कर कार्यवाही की जाए, जिससे कि जल उपभोक्ताओं के कनेक्शन वैध हो सकें।
निगमायुक्त ने सभी विभागीय प्रमुखों को आपसी तालमेल और समन्वय के साथ आवंटित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। शहर में जल आपूर्ति को व्यवस्थित करने और नागरिकों को राहत देने के लिए नगर निगम एक विशेष महाभियान शुरू करने जा रहा है। निगमायुक्त ने कहा की है कि जिन नागरिकों के पास अवैध नल कनेक्शन हैं, वे आवेदन देकर अपने कनेक्शन को वैध करा सकते हैं।
मानसून और वर्षा ऋतु के आगमन को देखते हुए नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने स्वास्थ्य और स्वच्छता अमले को शहर के सभी छोटे-बड़े नाले-नालियों की नियमित और सघन सफाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी सुचारू रूप से हो सके और नागरिकों को कोई असुविधा न हो। शहर के प्रमुख स्पॉट विजय नगर चौपाटी को और अधिक सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जाएगा। इसके लिए बाजार विभाग एवं अतिक्रमण शाखा को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर समस्त अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त, अधीक्षण यंत्री एवं सभी विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे।


