1529 पोलियो बूथों पर होगी व्यवस्था, घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
सिवनी- जिले में 28 से 30 जून तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला पंचायत सीईओ सुश्री अंजली शाह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्देश दिए कि जिले का कोई भी शून्य से पांच वर्ष तक का बच्चा पोलियो रोधी वैक्सीन की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान के शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के. धुर्वे ने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत 1 लाख 44 हजार 34 बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले भर में 1529 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां 3405 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए होंगे।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 240 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। वहीं बस स्टैंड, ईंट भट्टों, प्रवासी श्रमिकों के आवागमन स्थलों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 40 ट्रांजिट टीमों और 7 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।
अभियान की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष निरीक्षण दल भी गठित किए गए हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शैलेश डेहरिया, जिला श्रम अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, उप संचालक सामाजिक न्याय संदीप परते, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला योजना अधिकारी, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति एवं जिला डाटा मैनेजर नरेंद्र सारस सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सीईओ की अपील
जिला पंचायत सीईओ सुश्री अंजली शाह ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को 28 जून को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो रोधी खुराक पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर एवं स्थायी विकलांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से सुरक्षित रखें।


