सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने पर युवक गिरफ्तार, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
कटनी। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अरमान द्विवेदी (29) निवासी पन्ना मोड़, थाना कुठला को गिरफ्तार किया। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की गई थी, जिससे क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुठला पुलिस ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया तथा उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करना दंडनीय अपराध है। साइबर सेल टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारीपूर्वक करें। किसी भी पोस्ट, फोटो, वीडियो या संदेश को बिना सत्यापन साझा न करें तथा ऐसी कोई सामग्री पोस्ट न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


