अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक-4 स्थित बालक पुरम सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल के पीछे मंगलवार सुबह एक युवक का शव बिजली के खंभे के नीचे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय संतराम सिंह गोंड पुत्र इंद्रपाल सिंह गोंड, निवासी कोतमा के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतक के हाथ में प्लास मिला तथा उसका एक हाथ बुरी तरह झुलसा हुआ था। मौके से बिजली के तार काटने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक बिजली के तार काटने के दौरान करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।
विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता लालमणि प्रजापति ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली के तार चोरी और ट्रांसफार्मरों को क्षति पहुंचाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनकी शिकायत समय-समय पर थाना कोतमा में दर्ज कराई गई है। इन घटनाओं से विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला भी तार चोरी के प्रयास से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 7 जुलाई की रात करीब एक बजे उनके पति मोबाइल और चप्पल घर पर छोड़कर निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। मंगलवार सुबह उनकी मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा जांच जारी है।


