ढाई लाख से अधिक अनियमित यात्री पकड़े गए
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान के दौरान उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक वाणिज्य विभाग की टीम ने 2 लाख 54 हजार से अधिक बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा बिना बुक कराए अतिरिक्त सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की। इस अभियान से रेलवे को 21 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।
मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के नेतृत्व में टिकट चेकिंग स्टाफ और वाणिज्य विभाग की टीम ने मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं यात्री ट्रेनों में लगातार विशेष जांच अभियान चलाए। इन अभियानों का उद्देश्य राजस्व संरक्षण, यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण रखना रहा।
अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 1 लाख 16 हजार से अधिक यात्री पकड़े गए, जिनसे 11 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं निम्न श्रेणी के टिकट पर उच्च श्रेणी में यात्रा अथवा अनुचित टिकट के 1 लाख 35 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनसे 9 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई। इसके अलावा बिना बुक कराए अतिरिक्त सामान ले जाने के 1,970 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3 लाख 51 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करें। ई-टिकट की प्रतीक्षा सूची (वेटिंग) पर यात्रा करना नियमों के अनुसार मान्य नहीं है। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए यात्रा टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट अनिवार्य है तथा अधिक सामान के साथ यात्रा करने से पहले उसका लगेज बुक कराना आवश्यक है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने कहा कि भविष्य में भी टिकट जांच के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। अनियमित यात्रा के मामलों में रेलवे की शून्य सहनशीलता की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो और यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


