जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष हिमांशु खरे के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप से भेंट की। प्रतिनिधि मंडल ने श्री कश्यप को उद्योगों को फायर एनओसी से छूट देने, निर्यातोन्मुखी ट्रांसपोर्ट सब्सिडी आदि के संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु निवेदन किया।
फायर एनओसी पर चर्चा
माननीय मंत्री महोदय ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही फायर एक्ट के पास होने पर फैक्ट्री लायसेंस के अन्तर्गत आने वाले उद्योगों को छूट दी जाएगी तथा जो इसमें शामिल नहीं हो पा रहे है उनके लिए प्रकिया को सरल किया जाएगा।
निर्यातोन्मुखी सब्सिडी
मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार उद्योगों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सब्सिडी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट सब्सिडी योजना निर्यातकों की मांग पर प्रारंभ की गई थी ताकि उनकी परिवहन लागत कम हो सके और वे वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकें। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि वर्तमान में इस योजना का अपेक्षित उपयोग नहीं हो रहा है तथा इसके अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार हेतु फेडरेशन शासन की सहायता करें। इसके साथ ही मंत्री जी ने अधिकाधिक निर्यातकों एवं उद्योगों से इस योजना का लाभ लेने का आग्रह किया।
प्रतिवर्ष दो अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में सहभागिता हेतु किया गया अनुरोध
फेडरेशन ने सुझाव दिया कि प्रदेश के निर्यातकों को प्रतिवर्ष उनकी आवश्यकता एवं पसंद के अनुसार दो अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाए तथा इस पर होने वाले व्यय की प्रतिपूर्ति शासन द्वारा की जाए। इस पर मंत्री श्री काश्यप ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
फेडरेशन के प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष हिमांशु खरे, संयुक्त अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार पोरवाल, डॉ. आर.एस. गोस्वामी, अशोक आनंद, विजय गौर, मदनलाल गुर्जर, प्रवीण आचार्य, डॉ. सुरेन्द्र सिंह एवं राजेश हिरवे शामिल थे।


